(संशोधित न्यूज
हस्तिनापुर। उत्तराखंड देहरादून के सहस्रधारा क्षेत्र में सोमवार देर रात बादल फटने से गंगा नदी एक बार फिर उफान पर आ गई। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने भी सभी तैयारियों को दुरुस्त कर लिया है। गंगा के आसपास के ग्रामीणों को पानी बढ़ने की सूचना देकर अलर्ट किया गया है।
15 दिन से गंगा का जलस्तर लगातार घट-बढ़ रहा है। बाढ़ के बाद हालात पटरी पर लौटने लगे थे। बाढ़ के भय से बस्तोरा नारंग गांव से पलायन करने वाले करीब 200 परिवार भी स्थिति सामान्य होने पर गांव लौट आए थे परंतु मंगलवार को गंगा का जलस्तर बढ़ने की सूचना ने उन्हें एक बार फिर परेशान कर दिया। उत्तराखंड में बादल फटने से उफान पर आई गंगा नदी ने जो कहर वहां पर बरपाया है उसे देखकर ग्रामीण भयभीत हो रहे हैं।
बिजनौर बैराज पर तैनात अभियंता घनश्याम ने बताया कि मंगलवार शाम 5:00 बजे गंगा का जलस्तर 1.70 लाख क्यूसेक पर पानी चल रहा है। जल स्तर बढ़ने से पानी गंगा से बाहर निकलकर एक बार फिर कई गांवों के संपर्क मार्गों पर पहुंच गया है। बस्तोरा नारंग गांव के पास पानी पहुंचने से ग्रामीण चिंतित हो गए।
ग्रामीणों को किया अलर्ट
एसडीएम संतोष कुमार ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण लगातार गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। निचले इलाके के ग्रामीणों को पानी बढ़ने की सूचना देकर अलर्ट किया गया है। हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अभी तक हालात पूरी तरह सामान्य हैं। सिंचाई विभाग से लगातार बातचीत कर पानी की रिपोर्ट ली जा रही है।
एक महीने से बंद है हस्तिनापुर-चांदपुर का संपर्क मार्ग
पांच अगस्त को गंगा नदी उफान आई थीं। पानी तटबंध को तोड़कर बाहर निकल गया था। खादर क्षेत्र में जमकर तबाही मचाई थी। इससे हस्तिनापुर-चांदपुर मार्ग को भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था। उसी समय से मार्ग पूरी तरह बंद है। लोग ट्यूब और नाव के सहारे टूटे संपर्क मार्ग से गुजर रहे थे, परंतु यह अभी पूरी तरह बंद है।
प्रशासन की तैयारी है पूरी
पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने से गंगा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से ग्रामीणों को अलर्ट किया गया है। हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बाढ़ चौकियां अलर्ट पर हैं।
-संतोष कुमार, एसडीएम
-ऐसे बढ़ता गया गंगा का जलस्तर
बिजनौर बैराज से मिली रिपोर्ट के अनुसार
* सोमवार शाम 8:00 बजे 97 हजार क्यूसेक
* मंगलवार सुबह 8:00 बजे 1.20 लाख क्यूसेक
* सुबह 11 बजे 1.50 लाख क्यूसेक
* दोपहर 2:00 बजे 1.60 लाख क्यूसेक
* शाम 5:00 बजे 1.70 लाख क्यूसेक
जलस्तर बढ़ने से उफान आने आने लगी गंगा नदी स्रोत संवाद
जलस्तर बढ़ने से उफान आने आने लगी गंगा नदी स्रोत संवाद