बिजनौर। गंगा एक्सप्रेसवे के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। बृहस्पतिवार को बिजनौर के नोडल अफसर, तहसील टीम और रजिस्ट्रार को यूपीडा ने लखनऊ से भूमि क्रय, बैनामा निष्पादन और लेखा संबंधी अभिलेखों के रखरखाव का ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया। अब अगले दो से तीन दिन में जमीन की खरीद प्रक्रिया शुरू की जानी है।
यूपीडा की ओर से बृहस्पतिवार को लखनऊ स्थित पिकप भवन में भूमि क्रय प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें संबंधित परियोजनाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों को भूमि खरीद, बैनामा निष्पादन तथा भुगतान से जुड़े अभिलेखों की प्रक्रिया समझाई गई। लिंक गंगा एक्सप्रेसवे समेत विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि खरीद की कार्रवाई शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। बिजनौर में भी इसी प्रक्रिया के तहत जमीन की खरीद की तैयारी की जा रही है।आपत्तियों के निस्तारण के बाद आगे बढ़ी प्रक्रिया गंगा एक्सप्रेसवे के लिए जिले में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के दौरान किसानों की ओर से एक हजार से अधिक आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। प्रशासन इनका निस्तारण कर चुका है। वहीं, संबंधित भूमि और संपत्तियों के मूल्यांकन का काम भी पूरा हो गया है। अब किसानों से सहमति लेने और बैनामे की औपचारिकताएं पूरी करने पर जोर है। बिजनौर में 109 गांवों की जमीन से होकर गंगा एक्सप्रेसवे निकल रहा है। इसमें करीब 1054 हेक्टेयर जमीन किसानों से ली जाएगी।
सभी औपचारिकताएं पूरी: एडीएम न्यायिक
गंगा एक्सप्रेसवे के नोडल अधिकारी एवं एडीएम न्यायिक शरदपाल सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण भी पूरा हो चुका है। आपत्ति एवं संपत्ति मूल्यांकन भी पूरा हो चुका है। अब अगले तीन दिन में जमीन के बैनामे शुरू कराए जाएंगे।