518 गांवों को जोड़ेगा एक्सप्रेसवे
गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ के बिजौली से शुरू होकर प्रयागराज तक जाएगा। यह मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज समेत कई जिलों के 518 गांवों को जोड़ता है। इन गांवों के किसानों की जमीन पर यह एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हुआ है।
भविष्य में इस एक्सप्रेसवे को अमरोहा-बिजनौर के रास्ते हरिद्वार (उत्तराखंड) से जोड़ने की योजना भी है। इससे प्रयागराज में महाकुंभ और हरिद्वार में कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी।
चार बड़े एक्सप्रेसवे से होगा कनेक्शन
गंगा एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश के चार बड़े एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। यह मेरठ-हापुड़ रोड से होकर लोहियानगर के पास मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा, जिससे दिल्ली से प्रयागराज की दूरी कम हो जाएगी।
इसके अलावा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से उन्नाव और हरदोई के पास इंटरचेंज के जरिए इसे जोड़ा जाएगा। 92 किलोमीटर लंबे फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे से भी इसका संपर्क होगा। वहीं यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर एयरपोर्ट लिंक के माध्यम से भी यह कनेक्टिविटी बढ़ाएगा।
कुंभ और महाकुंभ यात्रा होगी आसान
गंगा एक्सप्रेसवे के हरिद्वार से जुड़ने की योजना के बाद श्रद्धालुओं के लिए कुंभ और महाकुंभ के दौरान यात्रा और भी आसान हो जाएगी। इससे दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोग सीधे प्रयागराज और हरिद्वार तक कम समय में पहुंच सकेंगे।