गांधी बाग क्रिकेट एकेडमी की ओर से शतकीय पारी खेलने वाले अलबशर
मेरठ। गाजियाबाद में खेली जा रही अंडर-14 एनसीआर क्रिकेट लीग में गांधी पार्क क्रिकेट ने जावेद क्रिकेट एकेडमी फिरोजाबाद को हराकर जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जावेद क्रिकेट एकेडमी ने निर्धारित 35 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए। उनकी ओर से आरव ने 39 और तेजस्वी ने 30 रनों का योगदान दिया। गांधी बाग की ओर से गेंदबाजी में अर्जुन ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गांधी बाग क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 21.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। उनकी ओर से अल बशर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 64 गेंद में 15 चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 105 रनों की शतकीय पारी खेली। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अल बशर को दिया गया। अल बशर 11 वर्ष के हैं और दीवान पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 के छात्र हैं। कोच तनवीर अख्तर ने टीम को बधाई दी।