बाइक के विवाद में दोस्त के पिता को गोली मारी
परीक्षितगढ़। बाइक के विवाद में एक युवक ने दोस्त के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक का शव गांव पूठी में मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शनाख्त करने के बाद जांच पड़ताल शुरू की। मौके पर मिले मोबाइल के आधार पर पुलिस ने हत्यारोपी को देररात गिरफ्तार कर लिया।
सीओ पूनम सिरोही के अनुसार, थाना क्षेत्र के पूठी गांव में मंगलवार शाम खेत में एक शव पड़ा मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवक के सीने में गोली मारे जाने का निशान था। मौके पर देशी शराब के खाली क्वार्टर, रोटी, टिफिन और एक मोबाइल बरामद हुआ था। जांच के बाद शव की पहचान नूर आलम, परीक्षितगढ़ के रूप में हुई थी।
सीओ ने बताया कि नूर आलम के पुत्र साहिल की पप्पू उर्फ यमराज से दोस्ती है। दो माह पहले साहिल पप्पू की बाइक मांगकर ले गया था। साहिल की एत्मादपुर के जंगल में एक युवक से मारपीट हो गई थी। साहिल युवक पर फायरिंग करते हुए बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने मौके से बाइक को कब्जे में लेकर सीज कर दिया था। घटना के बाद से पप्पू साहिल से बाइक वापस मांग रहा था।
मंगलवार दोपहर पूठी के जंगल में साहिल का पिता नूर आलम और पप्पू जगन्नाथ के खेत में शराब पी। इसके बाद पप्पू साइकिल से घर गया और नूर आलम के लिए टिफिन में खाना और दो क्वार्टर लेकर आया। इसी दौरान पप्पू ने नूर आलम से अपनी बाइक का पैसा मांगा। इसको लेकर दोनों में मारपीट हो गई। पप्पू ने तमंचे से नूर आलम को गोली मार दी और फरार हो गया। मौके पर उसका फोन छूट गया। इसकी मदद से पुलिस ने चंद घंटों में हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया।