डीआईजी ने दिए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े निर्देश
माई सिटी रिपोर्टरमेरठ। शुक्रवार 14 मार्च को होली-दुल्हेंडी का पर्व होगा। इसी दिन जुमे की नमाज भी अदा की जाएगी। इसके लिए पुलिस को अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करनी होगी। हालांकि शहर काजी समेत इमाम संगठन ने जुमे की नमाज क्षेत्र की मस्जिदों में पढ़ने और दोपहर ढाई बजे मरकज मस्जिदों में पढ़ने का आह्वान किया है। बावजूद इसके इस पुलिस-प्रशासन को बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने होली और रमजान माह को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश पुलिस को दिए हैं। डीआईजी बताया कि होलिका दहन एवं रंगोत्सव वाले दिन थाने व चौकियों का फोर्स क्षेत्र में रहेगा। प्रत्येक होली के लिए मौहल्ले की एक निगरानी समिति बनाकर जिम्मेदारी देने को कहा गया है। यदि गैर परम्परागत स्थान पर कोई होलिका रखी गई तो इसके लिए थाना प्रभारी एवं चौकी इंचार्ज जिम्मेदार होंगे। माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक व शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील और मिश्रित क्षेत्रों की ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम सतर्क निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
मेरठ में 1555 स्थानों पर होगा होलिका दहन
मेरठ। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि होली पर परिक्षेत्र के जनपदों मेरठ, बुलन्दशहर, बागपत व हापुड़ में 5285 स्थानों पर होलिका दहन होगा। 17 शोभायात्राएं निकाली जाएगी व 25 मेले आयोजित होंगे। शोभायात्राओं के 26 स्थानों और होलिका दहन के 408 स्थानों को संवेदनशील चिन्हित किया गया है।
जनपद मेरठ में 1555, बुलन्दशहर में 2382, बागपत में 683 एवं हापुड में 665 स्थानों पर होलिका दहन होगा। होली के अवसर पर जनपद मेरठ में 6, बुलन्दशहर में 9 व हापुड़ में 2 शोभायात्राएं निकाली जाएगी। इसी प्रकार ईद-उल-फितर के अवसर पर परिक्षेत्र के चारों जनपदों में 471 ईदगाह तथा 1370 मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत परिक्षेत्र में 23 जोन, 79 सैक्टर व 64 क्यूआरटी बनाई गई हैं। डीआईजी ने बताया कि थानों में डीजे रजिस्टर तैयार कर लिए गए हैं। थाना और चौकी स्तर पर डीजे ऑपरेटरों के साथ निर्धारित मानकों का पालन करने संबंधी मीटिंग की जी रही हैं। अवैध शराब की बिक्री पर भी रोक के निर्देश दिए गए हैं।