चौकी प्रभारी के खाते से निकाले 1.05 लाख
सरधना (मेरठ)। खाते से पैसे निकलने की शिकायत पर भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में पहुंचे चौकी प्रभारी ने अपने खाते की डिटेल चेक की तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनके खाते से तीन बार की ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से 1.05 लाख रुपये निकाले गए। चौकी प्रभारी ने तुरंत एटीएम बंद कराया और बैंक कर्मियों को मामले की जानकारी दी।
अटेरना गांव निवासी अभिषेक कुमार का भारतीय स्टेट बैंक में खाता हैं। उसके खाते से 30 जून 2020 को दो बार में दस-दस हजार रुपये उद्योग नगर दिल्ली में एक एटीएम से निकाले गए थे। मामले की शिकायत अभिषेक के परिजनों ने बैंक में की व अभिषेक ने मेल आईडी के द्वारा भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में शिकायत की लेकिन बैंक कर्मियों ने कोई संतोष जनक जवाब नहीं दिया। अभिषेक के परिजनों द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
विवेचना कर रहे अशोक स्तंभ पुलिस चौकी प्रभारी विजयपाल सिंह मंगलवार को बैंक पहुंचे थे। अभिषेक के परिजनों को भी विजयपाल सिंह द्वारा बैंक बुलवाया गया। इस दौरान बैंक प्रबंधक ने फर्जी तरीके से एटीएम के द्वारा निकले गये रुपये की जांच में समय से शिकायत नहीं करने की बात कही। इस दौरान विजयपाल ने भी अपना खाता चेक कराया तो उन्हें भी एटीएम से ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर तीन बार में एक लाख पांच हजार रुपये निकलने की जानकारी दी गई। उन्होंने अपने एटीएम को बंद कराया। चौकी प्रभारी ने बैंक में शिकायत दर्ज कराई है।