संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। खड़ौली निवासी विकास ने तीन युवकों पर गाड़ी बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है और तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
विकास ने तहरीर में बताया कि करीब पांच महीने पहले उसने तीन युवकों से 6.80 लाख रुपये में एक गाड़ी खरीदी थी। सौदे के समय उसने एक लाख रुपये नकद दे दिए थे। आरोप है कि शेष राशि के लिए आरोपियों ने उसके नाम बैंक से वाहन ऋण भी करा दिया, जिसकी 20 हजार 400 रुपये मासिक किस्त तय हुई। इसके बावजूद आरोपियों ने अब तक वाहन का नामांतरण (ट्रांसफर) उसके नाम नहीं कराया। विकास का कहना है कि वह लगातार नामांतरण कराने की मांग करता रहा, लेकिन आरोपी हर बार उसे टालते रहे।
सोमवार को आरोपियों ने उसे मिलने के लिए बुलाया। विकास का आरोप है कि वहां पहुंचने पर तीनों ने उसकी गाड़ी छीनने का प्रयास किया। विरोध होने पर उसने तत्काल पीआरवी को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी को वाहन सहित दौराला थाने ले आई। पुलिस ने विवादित वाहन को सीज कर दिया। विकास ने पुलिस से अपने दिए गए रुपये वापस दिलाने और उसके नाम पर हुए बैंक ऋण को निरस्त कराने की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि वाहन को सीज कर दिया गया है। मामले में तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।