मेरठ में गंगानगर में ‘राइस पुलर’ बताकर करोड़ों रुपये ठगने गैंग का बृहस्पतिवार को भंडाफोड़ हो गया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि गैंग का सरगना चकमा देकर तीन साथियों के साथ फरार हो गया। पुलिस मौके से बरामद बम जैसी दिखने वाली धातु व ज्वलनशील केमिकल की जांच कर रही हैं।
मामला गंगानगर एल ब्लॉक मकान नंबर 618 का है। कसेरू बक्सर निवासी धर्मपाल का मकान कुछ युवकों ने किराये पर लिया हुआ था। मुखबिर की सूचना पर गंगानगर पुलिस ने यहां छापा मारा। जहां से चार युवकों आदर्श अग्निहोत्री निवासी नौबस्ता कानपुर, इमरान निवासी कंकरखेड़ा, नौशाद निवासी नंगलामल और आनंद निवासी गंगानगर को गिरफ्तार कर लिया।
बम निरोधक दस्ते के साथ पहुंचे अफसर
पुलिस को मकान में बम जैसी दिखने वाली वस्तु मिली। जिस पर अफसरों को बताया गया। इसके बाद एसपी देहात राजेश कुमार, सीओ सदर देहात रामअर्ज, क्राइम ब्रांच, बम निरोधक दस्ता और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इसकी जांच करने पर पता चला कि यह बम नहीं, बल्कि ‘राइस पुलर’ बनाने वाला गैंग से जुड़े लोग हैं। मकान से ज्वलनशील पदार्थ की बदबू आ रही थी। पुलिस ने तलाशी के दौरान केमिकल, कांच के जार, एंटी रेडिएशन की पूरी ड्रेस और कई बॉक्स भी बरामद किए। आरोपियों से एक डस्टर गाड़ी, एक स्कूटी और एक बाइक बरामद हुई हैं।