फलावदा। महर्षि दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज पिलौना के छात्रावास में नाबालिग छात्र से सामूहिक कुकर्म के मामले में पुलिस ने सोमवार को कॉलेज के प्रबंधक तथा चार छात्रों को गिरफ्तार कर लिया।
बताते चलें कि थाना क्षेत्र के गांव पिलौना स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज में गाजियाबाद निवासी 13 वर्षीय छात्र कक्षा सात में पढ़ता है। वह यहां छात्रावास में रहता है। कॉलेज के कक्षा नौ के चार छात्रों द्वारा बंधक बनाकर कई दिन तक उसके साथ कुकर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित छात्र के अभिभावक उससे मिलने पहुंचे थे। छात्र की मां ने जानकारी कॉलेज में हंगामा कर आरोप लगाया कि उसके पुत्र ने घटना से प्रबंधक को अवगत कराया, लेकिन उन्होंने मामला दबा दिया। उन्होंने अभिभावकों को सूचना दिए बगैर पीड़ित छात्र का झोलाछाप से इलाज कराया। इस संबंध में छात्र की मां ने सोमवार को फलावदा थाने में कॉलेज के प्रबंधक एवं चार छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। छात्रों पर सामूहिक कुकर्म करने का भी आरोप लगाया। हालांकि प्रबंधक पर पीड़ित पक्ष को धमकाने का आरोप है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पीड़ित छात्र को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। वहीं, हिरासत में लिए चारों छात्रों को बच्चा जेल भेजा गया है। जबकि प्रबंधक को थाने से जमानत पर छोड़ दिया। इस प्रकरण में दिनभर शिक्षकों का थाने पर तांता लगा रहा। दूसरी ओर पीड़ित छात्र की मां के भी पुलिस द्वारा बयान दर्ज किए गए। उधर, प्रबंधक का कहना है कि बच्चा छुट्टी में एक-डेढ़ महीने घर रहकर आया है। उस समय न तो उसने हमें कुछ बताया और न ही परिजनों को जानकारी। बच्चा किसी बीमारी से पीड़ित है। उन पर झूठा आरोप लगाया गया है। वहीं, थाना प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि आरोपियों पर एससी/एसटी एक्ट लगा है। इसकी जांच सीओ मवाना कर रहे हैं।