नोट- गाजियाबाद के ध्यानार्थ
-
होटल मैनेजमेंट कॉलेज के गेट पर हुआ हादसा, तीन गंभीर हालत में रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला(मेरठ)। सिवाया टोल प्लाजा के पास स्थित आईएचएम होटल मैनेजमेंट कॉलेज के गेट पर शनिवार दोपहर हादसा हो गया। तेज रफ्तार में पीछे हटाई जा रही फॉर्च्यूनर कार की चपेट में आने से कॉलेज के दो छात्र और दो छात्राएं घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। साथी विद्यार्थियों ने सभी घायलों को पास के आर्यवर्त अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर एक छात्रा और दो छात्रों को मोदीपुरम स्थित निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
गाजियाबाद निवासी प्रथम वर्ष की छात्रा भार्गवी चड्ढा ने बताया कि शनिवार को कॉलेज की छुट्टी के बाद वह अपनी सहेली ग्रेसी चौधरी और साथी छात्र देवांश व यश के साथ टेंपो में बैठने के लिए हाईवे की ओर जा रही थी। जैसे ही चारों कॉलेज गेट के पास पहुंचे, वहां पहले से खड़ी फॉर्च्यूनर के चालक ने अचानक तेज रफ्तार में कार पीछे की ओर हटानी शुरू कर दी।
बारिश के कारण चारों का ध्यान हाईवे की ओर था। इसी दौरान पीछे आ रही कार की चपेट में आने से चारों घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि वंश बेहोश हो गया। भार्गवी, ग्रेसी और देवांश को भी गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार को कब्जे में लेने के साथ ही घटना की जानकारी जुटाई।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची थी। घायलों की स्थिति की जानकारी ली गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-