देहरादून से छुट्टी पर घर जा रहे सेना के चार जवान हादसे का शिकार हो गए। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे पर तेज गति वैगनआर कार टायर फटने से पलट गई। जिसमें चारों जवान घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। इसमें दो की हालात गंभीर बनी हुई है। यह हादसा यूपी के सहारनपुर जनपद में हुआ है।
गुरुग्राम के शेखपुर माजरी निवासी विवेक राठी, राजस्थान के जिला चीरु निवासी संदीप कुमार, मथुरा निवासी पुष्पेंद्र और मेरठ निवासी अनिल शर्मा शनिवार की शाम देहरादून से वैगनआर कार से मेरठ जा रहे थे। जब वह सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर पड़ने वाले सरसीना गांव के समीप पहुंचे तो अचानक कार का टायर फट गया और कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। गति तेज होने के कारण कार ने हाईवे पर कई पलटे खाए। जिसके चलते चारों लोग कार में फंस गए। इस दौरान वहां मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और मामले की जानकारी पुलिस को दी।
इसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों नागल पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से विवेक राठी और अनिल शर्मा को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया गया है कि चारों घायल फौजी हैं जो देहरादून में तैनात हैं। शनिवार को चारों को छुट्टी मिली थी जो एक साथ मेरठ जा रहे थे और वहां से अपने अपने घरों को जाते। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की गति तेज थी अचानक तेज आवाज के साथ टायर फटा और उन्होंने कार को हाईवे पर पलटे खाते हुए देखा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/