मवाना। नगर पालिका की बोर्ड बैठक में पुराने प्रस्ताव पर कार्रवाई नहीं होने और वार्डों में स्ट्रीट लाइटों को लेकर सभासदों ने हंगामा किया। हंगामे के बीच चार प्रस्ताव पारित किए गए। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 53.69 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया।
बोर्ड बैठक पालिका के आरओ प्लांट के सभागार में हुई। अध्यक्षता चेयरमैन अखिल कौशिक और संचालन ईओ राजीव कुमार ने किया। बैठक की शुरुआत होते ही सभासद अविजित ने वार्डों में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों की सूची मांगी। सभासद का आरोप था कि सफाई कर्मचारी वार्डों में जाकर काम नहीं कर रहे हैं। सभासदों तक को नहीं पता है कि कौन उनके वार्ड में काम कर रहा है। सभासद आशीष कुमार ने कहा कि प्रीतनगर में सड़कें खराब हालत में हैं, उनका उनका निर्माण नहीं हो रहा है, स्ट्रीट लाइटें भी नहीं हैं। बीती बोर्ड में बैठक में सरकारी स्कूल की चहारदीवारी बनाए जाने का प्रस्ताव पारित हुआ था, लेकिन अभी तक नहीं बनी हैं।
सभासद बुशरा चौधरी ने पालिका की संपत्ति का ब्यौरा मांगा तथा 500 स्ट्रीट लाइट और एक हजार बल्ब तुरंत मंगवाकर लगवाए जाने की मांग की। मवाना शुगर मिल का टैक्स का ब्योरा बोर्ड के समक्ष रखने की मांग की। पक्का तालाब से ईदगाह तक सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटवाने, सभी वार्डों में सीमेंट या स्टील की बेंच डलवाने, शव रखने के लिए फ्रीजर मंगवाने, भैंसा रोड स्थित आबादी के बीच में स्थित खत्तों को कूड़ा प्लांट लगाकर समाप्त कराने की मांग की। इस बीच कुछ सभासद पति बैठक के अंदर आ गए, जिनको ईओ ने बाहर जाने के लिए कहा तो हंगामे के हालात हो गए। कुछ देर के लिए सभासद पति बाहर चले गए, लेकिन फिर से अंदर आ गए।
1 अक्तूबर, 2024 से 31 जनवरी, 2025 तक का आय-व्यय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसमें उक्त अवधि में 17.60 और 10 करोड़ का व्यय हुआ।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 53.70 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से स्वीकृत हुआ। साथ ही सभासदों से प्राप्त निर्माण एवं विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में सांसद प्रतिनिधि युगांश राणा व सभासद उपस्थित रहे। प्रतिनिधि ने बताया कि सांसद निधि से कुछ स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था कराई जाएगी।