- 16 से 22 दिसंबर तक हैदराबाद में आयोजित होगी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सब जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 22 दिसंबर तक हैदराबाद में होगा। इसे लेकर उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से भी खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी गई है। प्रदेश की टीम में मेरठ का 1 बालक व 3 बालिका का चयन किया गया है। इसके साथ ही मेरठ के 2 कोच का चयन किया गया है।
प्रतियोगिता को लेकर घोषित की गई टीम में सोफिया गर्ल्स स्कूल की बालिका अनन्या सक्सेना, मेरठ पब्लिक स्कूल फॉर गर्ल्स की अनुष्का व मेरठ पब्लिक स्कूल फॉर गर्ल्स शास्त्रीनगर की प्रिया राणा का चयन किया गया है। बालक में इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के छात्र समीर सिंह का चयन टीम में किया गया है। मेरठ बास्केटबॉल संघ के कोच व पूर्व अंतरराष्ट्रीय कोच अमरजीत सिंह को उत्तर प्रदेश की बालिका टीम की जिम्मेदारी दी गई है। मिर्जा उमर को उत्तर प्रदेश की बालक टीम की जिम्मेदारी दी गई है। जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सौरभ जैन व सचिव मिर्जा शहबाज बैग ने सभी के चयन पर शुभकामनाएं दी है। इस दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने भी खिलाड़ियों को ट्रैकसूट वितरित किए व प्रतियोगिता के लिए रवाना किया। इस दौरान मेरठ पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर विक्रम शास्त्री, सोफिया स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर मीना, इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर डीपी. सिंह, संजय सिरोही, मोहम्मद असलम, अंकुर पंवार, अनुवीर सिंह ने सभी को बधाई दी। संवाद