बिजनौर जनपद में लॉकडाउन खत्म होने का समय जैसे-जैैसे पास आता जा रहा है, वैसे ही लोग लॉकडाउन का उल्लंघन भी ज्यादा कर रहे हैं। अब शहर में ई रिक्शा भी सवारियों को भरकर दौड़ती नजर आ रही हैं।
लॉकडाउन का पालन कराना पुलिस के लिए चुनौती बनता जा रहा है। उत्तर प्रदेश की सीमाएं सील होने के बाद भी दूसरे प्रदेशों से लौट रहे मजदूर पैदल या बाइकों से अपने गंतव्यों को जा रहे हैं। पुलिस भी ऐसे ज्यादातर मामलों में मजदूरों को क्वारंटीन नहीं कर रही है।
मुजफ्फरनगर में रविवार को सुबह 6 बजे से 9 बजे तक बाजार खुला। आज और दिन की मुकाबले काफी भीड़ रही। सड़कों पर भी काफी चहल-पहल रही। जिस कारण पुलिस भी सख्त रही। पुलिस में 8:30 के बाद ही बाजार बंद कराना शुरू कर दिया था।
इस दौरान मीनाक्षी चौक, शिव चौक पर वाहनों के चालान काटे गए। हॉटस्पॉट पुरकाजी, कवाल, मीरापुर में बाजार बंद रहे। खतौली की सब्जी मंडी में अन्य जनपदों के आढ़तियों और किसानों को प्रवेश नहीं दिया गया।
कोरोना संक्रमितों के संपर्क वालो की पहचान शुरू
शामली में शनिवार रात दो नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आने से स्वास्थ्य विभाग ने उनके संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान शुरू कर दी है। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है, जिनमें एक महिला भी शामिल हैं।
जिले में रोजाना की तरह सुबह 7 बजे जरूरी सामान वाली दुकानें खुलीं। पुलिस ने मुस्तैद रहकर लोगों को सोशल डिस्टेंस का पालन कराया और हॉटस्पॉट इलाकों में गश्त कर लोगों से घरों में रहने की अपील की गई। पुलिस ने बेवजह सड़कों पर वहां लेकर चलने वाले लोगों के प्रति सख्ती बरती और उनके वाहनों के चालान किए।