दस से ज्यादा मुकदमे हुए हैं दर्ज, छह आरोपी जा चुके हैं जेल, कई अभी भी फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। अपनी पहचान बदलकर सस्ती प्रॉपर्टी दिलाने का झांसा देकर जिले में कई लोगाें से करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह पर चार और मुकदमे दर्ज हुए हैं। दो सरधना, एक कोतवाली और एक पल्लवपुरम थाने में दर्ज किया गया है। गिरोह के छह सदस्यों को पुलिस ने सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी सतेंद्र सिंह से 40 लाख की ठगी के मामले में गिरफ्तार किया था। अभी भी गिरोह के कई सदस्य फरार हैं।
ठगी करने वाले इस गिरोह में मुंडाली थाना क्षेत्र के समयपुर बादली निवासी जसवीर और मनोज, सिसौली गांव निवासी राहुल तोमर और आकाश, बढ़ला गांव निवासी दीपक, किठौर थाना क्षेत्र के हसनपुर कलां निवासी राजदीप, मनीष मलिक, आरके जनरल, संजय गौतम, विकास, अजय शर्मा, मनीष गोयल व अभिषेक शामिल हैं। गिरोह के खिलाफ किठौर थाने में इसी माह दो मुकदमे दर्ज हुए थे। शुक्रवार को नौचंदी थाने में ड्रीम सिटी निवासी सतेंद्र सिंह ने आरोपी पर मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोपी खुद ही किसान, प्राॅपर्टी डीलर, सीए और खरीदार बनकर किसी की भी जमीन का सौदा तय कर रकम ठग लेते हैं। इसके बाद बैनामा कराने की तिथि तय कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने जसवीर, मनोज, राहुल तोमर, आकाश, दीपक और राजदीप को गिरफ्तार कर लिया था। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस की जांच में अभी तक सामने आया कि कई लोगों से ठगी की वारदात कर करोड़ों की रकम ठग चुके हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
चार लोगों से 18.5 लाख की ठगी के दर्ज कराए केस
इस गिरोह ने बागपत के बालैनी निवासी मोहनलाल शर्मा और अर्श कुमार गर्ग से जमीन दिलाने के नाम पर ठगी की। अर्श कुमार गर्ग से 10 लाख रुपये और मोहनलाल शर्मा से साढ़े तीन लाख रुपये ले लिए। बाद में पैसा मांगने पर गोली मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित ने सरधना थाने में दीपक और गोल्डी निवासी अक्खेपुर सरधना, जसवीर निवासी समयपुर बादली और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पल्लवपुरम फेस-2 निवासी कपड़ा व्यापारी नैन सिंह से हसनपुर कलां गांव में दुकान दिलाने का झांसा देकर तीन लाख रुपये ठग लिए। अब धमकी दे रहे हैं। उन्होंने पल्लवपुरम थाने में जसवीर, हसनपुर कलां निवासी जसवीर और साेनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली मेें इस्माइल नगर निवासी सलीम अहमद से भी इस गिरोह ने जमीन दिलाने का झांसा देकर साढ़े पांच लाख रुपये ठग लिए।