सकौती कट पर दो कारें भिड़ीं, जैनपुर में बाइक टाटा मैजिक में फंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। दिल्ली-दून हाईवे और संपर्क मार्ग पर बृहस्पतिवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में चार युवक घायल हो गए। सकौती कट के पास दो कारों की भिड़ंत में एक युवक घायल हुआ, जबकि जैनपुर गांव के सामने टाटा मैजिक की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए।
बुलंदशहर के सिकंदराबाद निवासी यश अपने साथियों राहुल, रिंकू और निशांत के साथ कार से हरिद्वार जा रहा था। सकौती कट के पास उसकी कार की कट पार कर रहे मंडोरा निवासी कपिल की कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गई और यश घायल हो गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। सकौती चौकी पुलिस ने घायल को उपचार दिलाने के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
दूसरा हादसा दौराला-मसूरी मार्ग पर जैनपुर गांव के सामने हुआ। सरसवा निवासी वंश, शुभम और प्रियांशु बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान टाटा मैजिक ने बाइक में टक्कर मार दी। तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए और बाइक मैजिक में फंस गई। आरोप है कि चालक बाइक फंसी होने के बावजूद करीब 100 मीटर तक मैजिक दौड़ाता रहा। चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर घायलों को उपचार दिलाया। वंश के पिता हिटलर की तहरीर पर पुलिस चालक की तलाश कर रही है।