सरधना। नगर पालिका की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को घरों से ही कचरे का पृथक्करण करने के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला के निर्देशन में किया गया। नगर की ब्रांड एंबेसडर और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संगीता पुंडीर ने नर्सिंग स्टाफ और मेडिकल टीम को चार डस्टबिन प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गीला, सूखा, सेनेटरी और घरेलू हानिकारक कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखने से कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण संभव हो सकेगा। इससे न केवल स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। डॉ. पुंडीर ने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से घर स्तर पर ही कचरे को अलग-अलग रखने की आदत अपनाने की अपील की। अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने बताया कि नगर पालिका को गार्बेज फ्री सिटी बनाने के लक्ष्य के तहत लगातार डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सोर्स सेग्रीगेशन और जन जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में एसबीएम टीम के विकास कुमार, हुमा कुरैशी, आशीष गोस्वामी, प्रशांत कुमार, पालिका कर्मी, नर्सिंग स्टाफ और मेडिकल टीम के सदस्य मौजूद रहे।