मेरठ। मवाना रोड स्थित एमआईईटी पब्लिक स्कूल में आज से चार दिवसीय सीबीएसई जोन-1 शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को ही कई जिलों से स्कूलों की टीम आयोजन स्थान पर पहुंची और पंजीकरण कराया। प्रतियोगिता के पहले दिन 286 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इसमें अंडर-14 श्रेणी में 100, अंडर-17 में 124, अंडर-19 में 62 खिलाड़ी शामिल होंगे। सभी खिलाड़ी 10 मीटर एयर पिस्टल और एयर राइफल की बॉयज एवं गर्ल्स कैटेगरी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
पहले दिन सीबीएसई के नोएडा, देहरादून रीजन के अंतर्गत आने वाले 72 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया। प्रतियोगिता में मेरठ, मुजफ्फरनगर, संभल, नोएडा, आगरा, देहरादून, बरेली, सहारनपुर, अमरोहा, बुलंदशहर, शामली, बागपत, गाजियाबाद, रामपुर, हापुड़, नैनीताल, बिजनौर, मैनपुरी तथा एटा आदि 22 जिलों से संबंधित स्कूल के खिलाडी भाग लेंगे। देहरादून रीजन के उत्तराखंड के 13 जिलों और नोएडा रीजन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों से कुल 252 स्कूलों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। अभी तक आधिकारिक वेबसाइट पर 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था। प्रतियोगिता के लिए स्कूल में दो अत्याधुनिक शूटिंग रेंज स्थापित की गई है, जिनमें कुल 30 टारगेट लगाए गए हैं। प्रतियोगिता के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक नरेश कुमार ने यहां पहुंचकर छात्रों के आवास, भोजन, शूटिंग रेंज तथा अन्य सभी तकनीकी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।