ट्रांसफार्मर व तार चोर गिरोह के चार बदमाश दबोचे
खरखौदा। खरखौदा पुलिस ने शुक्रवार रात सेतकुआं के जंगल से ट्रांसफार्मर चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पुलिस ने ट्रांसफार्मर के पार्ट्स बरामद किए हैं। दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों से चाकू व तमंचा भी बरामद करने का दावा किया है। आरोपी मेरठ व अन्य जिलों में भी ट्रांसफार्मर चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों जेल भेज दिया।
सीओ किठौर देवेश सिंह ने बताया कि शुक्रवार को खरखौदा पुलिस ने एक सूचना पर उलधन-सेतकुआं रोड पर स्थित गन्ने के खेत में छापामारी की। जहां कार व टैंपो खड़े मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर चार लोगों को ट्रांसफार्मर के भारी मात्रा में पार्ट्स के साथ दबोच लिया। गिरोह के दो सदस्य अंधेरे में भाग निकले। पकड़े गए आरोपी रिहान पुत्र शमीम सैफी निवासी पीर वाली मस्जिद, खरखौदा, आबिद पुत्र शमसुद्दीन निवासी जाहिदपुर, आशु पुत्र नरेश निवासी मोहल्ला तिहाई मूल निवासी गांव कबूलपुर थाना बीवीनगर बुलंदशहर और दानिश पुत्र महबूब निवासी मोहल्ला रास बताया।
पुलिस नेे रिहान से एक तमंचा व आबिद से एक चाकू बरामद किया है। उन्होंने फरार साथियों के नाम लक्की पुत्र मंगू निवासी मोहल्ला तिहाई थाना खरखौदा व फुरकान बताया। पूछताछ में बताया कि सभी लोग ट्रांसफार्मर के स्क्रैप को कार व टेंपो में लादकर बेचने जा रहे थे।
कई जिलों में किए ट्रांसफार्मर चोरी
आरोपियों ने बताया कि गिरोह के सदस्यों के परिवार में संविदाकर्मी भी हैं। इनके गिरोह ने खरखौदा क्षेत्र से 45 ट्रांसफार्मर व 60 खंभों से तार चोरी किया है। वहीं गाजियाबाद के भोजपुर क्षेत्र से 10, मुजफ्फरनगर के मीरापुर से दो, परतापुर क्षेत्र से छह तथा इंचौली से आठ ट्रांसफार्मर चोरी किए हैं।
नलकूपों पर लगे ट्रांसफार्मर को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह किसानों के खेतों पर लगे ट्रांसफार्मरों को अपना निशाना बनाता था। गिरोह कभी ट्रांसफार्मरों का सामान व कभी पूरा ट्रांसफार्मर भी चोरी कर लेते थे। गिरोह का सदस्य लक्की लाइन काटने का काम करता है। बाकी सदस्य अपना अपना काम करते हैं।
कई थानों में दर्ज हैं केस
गिरोह के सरगना रिहान पर थाना खरखौदा में 18, थाना इंचौली में आठ, थाना परतापुर में छह, थाना ब्रह्मपुरी में दो, गाजियाबाद के थाना भोजपुर में छह, हापुड़ के सिंभावली में दो तथा मुजफ्फरनगर में एक मामला दर्ज है। वहीं, आबिद, दानिश व आशु का भी सभी थानों में केस दर्ज हैं।