समौली सलेमपुर में घर में घुसकर परिवार से मारपीट, दंपती समेत चार घायल
दौराला। समौली सलेमपुर गांव में शुक्रवार देर रात तीन युवकों ने अपने एक दर्जन साथियों के साथ मिलकर एक मकान पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने घर में मौजूद परिवार के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए।
समौली गांव निवासी सरयाज ने बताया कि उनका छोटा बेटा शादाब मूक बधिर है। गांव के ही तबरेज, समीर व साकिब उसे परेशान करते रहते हैं। वह विरोध करता है तो उसके साथ मारपीट करते हैं। शुक्रवार देर रात भी तीनों आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता की और विरोध पर मारपीट की। शादाब ने घर पहुंचकर परिजनों से शिकायत की, जिस पर परिजनों ने तीनों का विरोध किया। आरोप है कि तीनों आरोपी वहां से चले गए और कुछ देर बाद अपने एक दर्जन साथियों के साथ सरयाज के घर में लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर घुस गए और पूरे परिवार के साथ मारपीट की। जानलेवा हमले में सरयाज, पत्नी बानो, शादाब व छोटा बेटा घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया और आरोपियों की तलाश में दबिश दी। परंतु आरोपी घर पर नहीं मिले। पीड़ित सरयाज ने तीन नामजद व नौ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।