संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय युवती के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में बहसूमा पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि झुनझुनी निवासी सुहैल उनकी 20 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि सुहैल ने युवती को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पिता का यह भी आरोप था कि इस पूरी वारदात में सुहैल के पिता, मां और दोस्त ने सहयोग किया तथा पीड़िता को डराने-धमकाने में मुख्य भूमिका निभाई।
जांच अधिकारी एसआई रविंद्र पंवार ने बताया कि शनिवार को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सुहैल, उसके पिता अलाउद्दीन, मां बानो तथा सहयोगी जितेंद्र कुमार निवासी कुंवरपुर कासगंज को झुनझुनी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।