मेरठ। बसपा के पूर्व विधायक हाजी अलीम की तीसरे नंबर की पत्नी रिहाना की हत्या में पहली पत्नी कमरजहां के बेटे अनस और दानिश जेल गए। रिहाना की मौत का सदमा अलीम को लगा था। अलीम ने छठवी शादी फरहा नाम की युवती से कर ली। रिश्तेदारों की पैरवी से फरवरी 2018 को अनस जमानत पर बाहर आ गया। अनस आते ही सात महीने की जमात पर चला गया। पुलिस के मुताबिक सितंबर को अनस ने पिता अलीम की फैक्टरी में सात-आठ लाख की चोरी कर ली। इसको लेकर अलीम और नाराज हो गया। अलीम ने ठान ली कि वह अपनी करोड़ों की संपत्ति फरहा की बेटी आयस के नाम कर देगा। यह सुनकर अनस ने पिता अलीम की हत्या करने की प्लानिंग बनाई।
पुलिस के मुताबिक 30 दिन में आरोपी अनस ने अपने पिता अलीम के करीबी गनर शाहबाज और नौकर ताहिर से नजदीकी बना ली। अनस जानता था कि पिता को उसके ऊपर यकीन नहीं है। शाहबाज भी शातिर सिपाही था। सीबीसीआईडी की जांच में सामने आया कि शाहबाज और ताहिर घटना वाले दिन 9 अक्तूबर को अलीम के साथ थे। ताहिर ने पहले अलीम को दूध पिलाया था। उसके बाद ही अनस की प्लानिंग के मुताबिक हाजी अलीम को मारा। किसी को शक न हो, इसलिए अलीम की लाइसेंसी पिस्टल वहां पर डाल दी, जिससे गोली मारी गई थी। अलीम की हत्या में अनस ने एक तीर से दो निशाने साधे। पुलिस के मुताबिक गनर और फरहा के बीच का कनेक्शन भी खंगाला जा रहा है। इसी का अनस ने फायदा उठाया है।
करोड़ों की संपत्ति को लेकर अलीम की हत्या
हाजी अलीम को अपनी पहली पत्नी कमरजहां के बेटे अनस और दानिश से खतरा था। इसको लेकर अलीम दोनों बेटों की जमानत नहीं होने दे रहे थे। रिश्तेदारों ने पैरवी की और अनस जमानत पर बाहर आ गया। अलीम जानते थे कि उसकी करोड़ों रुपये की संपत्ति उसकी जान ले सकती है। इसी के चलते अलीम अपनी छठीं बीवी फरहा की मासूम बेटी के नाम सारी संपत्ति करना चाहते थे। अलीगढ़ में उनकी फैक्टरी को लेकर भी असमंजस की स्थिति खत्म हो गई थी। क्योंकि अलीम ने कहा था कि वह फरहा की बेटी को देंगे।
गनर शाहबाज से कराई वारदात
पुलिस के मुताबिक अलीम की सुरक्षा में गनर शाहबाज लगा था। जोकि मीरापुर मुजफ्फरनगर का निवासी है। बुलंदशहर में उसकी पोस्टिंग चल रही थी। अनस को जानकारी थी कि उसके पिता गनर पर सबसे ज्यादा विश्वास करते थे। इसलिए अनस ने गनर शाहबाज से नजदीकी बनाई। उसके बाद शाहबाज को हत्या के लिये तैयार किया। पुलिस का दावा है कि शाहबाज ने ही अलीम को गोली मारी।
नौकर जा चुका जेल, गनर की तलाश
पुलिस ने बताया कि नौकर ताहिर के घर से एक पिस्टल मिली है। जिसके आधार पर पुलिस ने उसको जेल भेज दिया। गनर शाहबाज फरार है। सीबीसीआईडी के मुताबिक अलीम की हत्या में गनर और नौकर की महत्वपूर्ण भूमिका है। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस फेल, सीबीसीआईडी ने खोल केस
बुलंदशहर के पूर्व विधायक अलीम की मौत को लेकर असमंजस की स्थिति बनी थी। बुलंदशहर पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर सकी और आत्महत्या का केस बताकर मामले में लीपापोती कर दी थी। बेटे अनस ने हाईकोर्ट में गुहार लगाई। जिसके बाद सीबीसीआईडी ने जांच कर अलीम की हत्या का केस अनस पर ही खोल दिया। सवाल उठता है कि अगर अनस ने पिता की हत्या कराई है तो उसने हाईकोर्ट में अपील कर सीबीसीआईडी से जांच की मांग क्यों की थी। हालांकि सीबीसीआईडी ने इस पर तर्क दिया है।