मुख्य अभियंता के नेतृत्व में संकट वाले क्षेत्रों का लिया जा रहा जायजा
इस बार कई स्थानों पर हुई थी फजीहत
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गर्मी के इस सीजन में बिजली आपूर्ति को लेकर विद्युत निगम की काफी फजीहत हुई। अगले सीजन में यह नौबत न आए इसके लिए निगम ने अभी से तैयारी शुरू कर ली है। इस साल सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र में जाकर लोगों से बात करके जानकारी जुटा रहे हैं। इसके आधार पर कार्ययोजना तैयार कर भेजी जाएगी।
गर्मियों के सीजन में मेरठ महानगर में लोगों को जबरदस्त विद्युत संकट झेलना पड़ा। सबसे अधिक दिक्कत माधवपुरम, रामलीला ग्राउंड बिजलीघरों से जुड़े ब्रह्मपुरी, पजाया, गौतमनगर क्षेत्रों में रही। बिशन चौक, इंदिरा नगर, शिवशक्ति विहार, मास्टर कॉलोनी, खत्ता रोड, सरस्वती लोक, माधवपुरम, शिवपुरम, लिसाड़ी रोड पर भी काफी परेशानी रही। आए दिन केबल जलने और ट्रांसफार्मरों में आग लगने से बड़ा बिजली संकट लोगों को झेलना पड़ा। अगली गर्मियों में बिजली संकट ना हो इसके लिए पहले से ही ऊर्जा निगम विस्तृत कार्ययोजना बनाने में जुटा है।
मुख्य अभियंता मेरठ प्रथम रजनीकांत मिश्र अधीक्षण अभियंता नगर, अधिशासी अभियंता नॉर्थ व साउथ को साथ लेकर बिजली संकट वाले क्षेत्रों का जायजा ले रहे हैं। वहां लोगों से बातचीत करके बिजली संकट के कारणों की पड़ताल की जा रही है। इस दौरान जर्जर विद्युत लाइनों, ओवरलोड ट्रांसफार्मर, खुले तारों, टूटे-तिरछे खंभों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मुख्य अभियंता रजनीकांत मिश्र ने बताया कि समय से ही कार्ययोजना बनाकर इन कार्यों को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। वहां पर बिजली के तार बदलने, ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने सहित जो भी जरूरत होगी उसी के अनुसार कार्य कराया जाएगा। कार्ययोजना को मंजूरी मिलने पर गर्मियों से पहले ही इन कार्यों को करा लिया जाएगा।