कंकरखेड़ा। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर शनिवार शाम को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की इनोवा मेरठ के कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र के खंडौली चौराहे पर एक ब्रेजा कार से टकरा गई। हादसे में उनके पीए पवन रावत, चालक विनय रावत उर्फ गौतम और एस्कॉर्ट में शामिल हेड कांस्टेबल चोटिल हो गए। हेड कांस्टेबल राजबीर को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया। घटना के बाद हाईवे पर भीषण जाम लग गया।
सूचना पर सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री को दूसरी कार से देहरादून के लिए रवाना कर दिया। पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात सुचारू किया। पूर्व मुख्यमंत्री या किसी अन्य की ओर से इस मामले में कोई शिकायत नहीं दी गई है।
सीओ दौराला ने बताया कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शनिवार को अपने काफिले के साथ दिल्ली स्थित अपने वसंत कुंज स्थित घर से देहरादून के लिए इनोवा कार से जा रहे थे। उनके साथ मेरठ पुलिस का एक एस्कार्ट वाहन और एक अन्य कार चल रही थी। चालक विनय रावत ने मौखिक रूप से पुलिस को बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री दो दिन पूर्व दिल्ली गए थे। पार्टी की बैठक के बाद शनिवार को वह वापस देहरादून जा रहे थे। शाम को उनकी कार कंकरखेड़ा स्थित खड़ौली चौराहे के पास पहुंची तो आगे चल रही ब्रेजा कार चालक (महिला) ने अचानक ब्रेक लगा दिए।
चालक ने दिखाई सूझबूझ
सीओ ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री के चालक विनय ने सूझबूझ से ब्रेक लगाए और बड़ी घटना को टाल दिया। हालांकि उनकी कार आगे जा रही ब्रेजा से टकरा गई। हादसे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री की कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री, पीए व चालक को मामूली रूप से अंदरूनी चोट लगी। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। राहगीरों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। एस्कॉर्ट में चल रहे पुलिसकर्मियों ने सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री को सड़क किनारे खड़ा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री को अस्पताल में उपचार के लिए चलने की अपील की। मगर उन्होंने स्वयं को पूरी तरह स्वस्थ बताते हुए उपचार कराने से इन्कार कर दिया।
देर से पहुंचे पूर्व जिलाध्यक्ष
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अवनीश काजला को जब सूचना मिली तो वह समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। मगर जब तक पूर्व मुख्यमंत्री अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए थे।
सूचना पर सीओ दौराला को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया गया। पूर्व सीएम की कार से आगे चल रही ब्रेजा ने अचानक से ब्रेक लगा दिए थे और कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री ने कानूनी कार्रवाई से मना कर दिया है।
आयुष विक्रम सिंह, एसपी सिटी, मेरठ।
-