मेरठ। एलेक्जेंडर क्लब रुड़की रोड शीलकुंज निवासी पूर्व सचिव मुकेश गुप्ता पर 38 लाख 32 हजार रुपये ठगने का आरोप लगाया है। इस मामले में अवैतनिक सचिव गौरव अग्रवाल ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने सीओ सिविल लाइन को जांच करने के आदेश दिए हैं।
अवैतनिक सचिव गौरव अग्रवाल ने बताया कि 2017 से 19 तक पद पर रहते हुए रुपये का गबन किया गया। मामले में मई में मुकेश गुप्ता को नोटिस भी दिया गया था। तब उन्होंने रुपये जमा कराने के लिए समय मांगा था, लेकिन उसके बाद लगातार गुमराह करते रहे और रुपये भी जमा नहीं किए। वहीं इस संबंध में पूर्व सचिव मुकेश गुप्ता का कहना है कि क्लब के सेक्रेटरी का खरीद और फरोख्त की कोई जिम्मेदारी नहीं होती। इसकी जिम्मेदारी कोषाध्यक्ष और मैनेजर की होती है। क्लब के सभी खर्च की जिम्मेदारी कोषाध्यक्ष की है। क्लब के ऊपर आठ साल पहले 49 लाख का सर्विस टैक्स लगा था, जिस पर पूर्व सचिवों ने ध्यान नहीं दिया था। इसके चलते ब्याज सहित लगभग एक करोड़ सर्विस टैक्स की देनदारी क्लब के ऊपर आ गई और सरकारी विभाग का क्लब के ऊपर दबाव पड़ गया। जिसे हमने अपने कार्यकाल में इसे समाप्त कराया। इसका पूरा खर्चा कोषाध्यक्ष द्वारा दिया गया। जो आरोप इन्होंने लगाए हैं, वह निराधार हैं।