खरखौदा (मेरठ)। कस्बे में आरएसएस के पूर्व खंड संघचालक रतीश त्यागी के बेटे अंकित त्यागी की रोटावेटर की चपेट में आने से मौत हो गई। बृहस्पतिवार को पिता खेत में रोटावेटर चला रहे थे। बेटा पीछे से ट्रैक्टर पर चढ़ने के प्रयास के दौरान चपेट में आ गया।
बृहस्पतिवार दोपहर कस्बे के मोहल्ला तिहाई निवासी रतीश त्यागी अपने बेटे अंकित त्यागी (34) को साथ लेकर ट्रैक्टर से खेतों की जुताई करने गए थे। उनके अलावा खेत में अन्य मजदूर भी काम कर रहे थे। रतीश त्यागी सरसों की बुवाई करने के दौरान रोटावेटर चलाने लगे। उनका बेटा अंकित पास में ही खेत की मेढ़ पर खड़ा हो गया। रतीश त्यागी जुताई करते हुए ट्रैक्टर लेकर बेटे के पास से निकले तो बेटा, पिता को बिना बताए पीछे से ट्रैक्टर पर चढ़ने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान अंकित का पैर फिसल गया और वह रोटावेटर की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रोटावेटर की चपेट में आने के कारण उसके शरीर के कई हिस्से अलग हो गए। गंभीर रूप से घायल अंकित को पिता अन्य लोगों की मदद से अस्पताल लेकर जाने लगे लेकिन अंकित की रास्ते में ही मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।