पीड़ित परिवार से मिले पूर्व विधायक, दिया न्याय का आश्वासन
- विपिन की 21 जून की रात ईंट से सिर कूचकर की दी थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। गोविंदपुरी निवासी विपिन की हत्या के मामले में शुक्रवार को पूर्व विधायक संगीत सोम पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। पूर्व विधायक ने परिजनों को सांत्वना देते हुए न्याय का भरोसा दिलाया। कहा- आरोपी तालिब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अपनी ओर से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। परिजनों ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की।
गोविंदपुरी निवासी सुगम ने कंकरखेड़ा थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि 21 जून को उसका भाई विपिन जाटव मजदूरी से आने के बाद शाम को सात बजे बाइक लेकर घर से गया था। इसके बाद साधु नगर निवासी तालिब उसे रास्ते में मिल गया था। दोनों 15 वर्ष पुराने दोस्त थे। दोनों ने दायमपुर कट के पास ठेके से शराब लेकर पी थी। दोनों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। आरोपी ने लाला मोहम्मदपुर के मैदान में विपिन की ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी थी। आरोपी मौके से भाग गया था। 22 जून की सुबह विपिन का शव बरामद हुआ था।
शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे पूर्व विधायक के साथ गणेश अग्रवाल, राजेश खन्ना, पंडित संजय त्रिपाठी, दीपक तोमर, ऋषिपाल भंडारी, डॉ. रवि, पार्षद हितेश गड़रिया आदि मौजूद रहे। पूर्व विधायक ने फोन पर कंकरखेड़ा थाना प्रभारी से पूरे मामले की जानकारी लेकर निष्पक्ष जांच के लिए कहा है।
-