भूमि क्रय करने के मामले में ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सांसद व इस्लामी तालीम के सबसे बड़े केंद्र दारुल उलूम की मजलिस-ए-शूरा के सदस्य मौलाना बदरुद्दीन अजमल को ब्लैकमेल करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने देवबंद विधानसभा के कांग्रेस के पूर्व विधायक माविया अली को गिरफ्तार किया है। मामला यूपी के सहारनपुर है।
अजमल ग्रुप ऑफ कंपनीज में अकाउंट मैनेजर मुंबई निवासी जमाल अख्तर खान ने रविवार को दिल्ली के थाना साउथ एवेन्यू में तहरीर देकर कांग्रेस के पूर्व विधायक माविया अली पर आरोप लगाया कि वह सांसद बदरुद्दीन अजमल की देवबंद में स्थित जमीन को हड़पना चाहते हैं। जमीन के सिलसिले में सांसद से हुई मुलाकात के दौरान माविया अली ने ऑडियो रिकॉर्डिंग की और बाद में उन्हें व्हाट्सअप और ई-मेल पर मैसेज भेजकर ब्लैकमेल करने लगे। सांसद से जुड़ा मामला होने के चलते तुरंत हरकत आई दिल्ली पुलिस ने वहीं के 7-स्टार लोधी होटल में ठहरे माविया अली को कमरा नंबर 701 से गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने जमाल अख्तर खान की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए पूर्व विधायक को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया।