जनसंघ से तीन बार मेरठ शहर के विधायक रहे मोहनलाल कपूर का रविवार को निधन हो गया। 92 वर्षीय कपूर ने नोएडा के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनका शव दोपहर बाद मेरठ लाया गया। सोमवार को सूरजकुंड में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन की सूचना मिलते ही भाजपा नेताआें समेत शहर के अनेक गण्यमान्य लोग दामोदर कॉलोनी स्थित आवास पर शोक संतृप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
मोहनलाल कपूर जनसंघ और भाजपा के दिग्गज नेताओं में रहे हैं। लोकतंत्र सेनानी के तौर पर वह जेल भरो आंदोलन में भी सक्रिय रहे। वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे और लगभग तीन माह से नोएडा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनका शव गढ़ रोड स्थित दामोदर कॉलोनी में आवास पर पहुंचते ही भाजपा समेत अन्य दलों के नेता और संबंधियों का तांता लगना शुरू हो गया। उनकी अंतिम यात्रा सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे उनके आवास से सूरजकुंड के लिए निकलेगी। मोहनलाल अपने पीछे पत्नी लीला कपूर, पुत्र डॉ. राजेश कपूर, दीपक कपूर, निखिल कपूर और बेटी कल्पना और भावना मेहरा को छोड़कर गए हैं। डॉ. राजेश कपूर और उनकी पत्नी डॉ. गुंजन जेपी हास्पिटल में हैं।