मेरठ। खेल विश्वविद्यालय को लेकर अब रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। जिला अधिकारी के. बालाजी ने तीन दिन पूर्व गगोल स्थित वन विभाग की जमीन का निरीक्षण किया और खेल विश्वविद्यालय का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है।
दरअसल खेल विश्वविद्यालय के लिए जमीन को लेकर लगातार खींचतान चल रही थी। पूर्व डीएम अनिल ढींगरा ने सरधना के सलावा स्थित सिंचाई विभाग की जमीन, गगोल स्थित वन विभाग की जमीन और हस्तिनापुर स्थित पांडव वन की जमीन का प्रस्ताव शासन को भेजा था, लेकिन शासन में यह प्रस्ताव फंसा रहा। अब जिलाधिकारी के बालाजी ने तीन दिन पूर्व गगोल स्थित वन विभाग की जमीन का निरीक्षण किया। कुल 24.0530 हेेक्टेयर जमीन खेल विश्वविद्यालय के लिए चिह्नित की गई है। इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। जहां से वन विभाग की जमीन को खेल विश्वविद्यालय के नाम स्थानांतरित कर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।