वन विभाग ने सेंक्चुअरि क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई
हस्तिनापुर। बर्ड फ्लू के बढ़ते मामलों के मद्देनजर जिलाधिकारी ने सेंक्चुअरि क्षेत्र स्थित मुर्गी फार्म और वेटलैंड में पक्षियों पर नजर रखने के वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। वहीं, संदिग्ध हालात में पक्षियों एवं मुर्गे आदि की मौत हो जाने पर पशुपालन विभाग को जानकारी देने की भी लोगों से अपील की।
क्षेत्रीय रेंजर नवरत्न सिंह ने बताया कि सेंक्चुअरि क्षेत्र के जलालपुर मकबूलपुर के समीप मुर्गी फार्म पर वन विभाग और पशुपालन विभाग के अधिकारियों की विशेष नजर है। वहीं, वेटलैंड क्षेत्रों पर भी वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर प्रवासी पक्षियों की निगरानी कर रही है। मुजफ्फरनगर में शुक्रवार को बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद सेंक्चुअरि में प्रवासी पक्षियों की निगरानी बढ़ा दी है। हालांकि अभी तक सेंक्चुअरि में किसी मृत पक्षी मिलने की जानकारी नहीं है। हालांकि उच्चाधिकारियों ने वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों प्रवासी व स्थानीय पक्षियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
रेंजर नवरत्न सिंह ने बताया कि सेंक्चुअरि क्षेत्र कमजोर व बीमार दिख रहे पक्षियों को चिह्नित के लिए अभियान चलाया गया। यहां मौजूद प्रवासी और अप्रवासी पक्षी स्वस्थ हैं। हालांकि कौआ, कबूतर, बत्तख व मुर्गियों पर खास ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से मृत पक्षियों को न छूने और इसकी जानकारी वन विभाग को देने की अपील की। बर्ड फ्लू की आशंका से लोग चिकन और अंडे खरीदने से परहेज करने लगे हैं।
मुर्गियों के सैंपल जांच के लिए भेजे
दौराला। बर्ड फ्लू के चलते अलर्ट के मद्देनजर शनिवार को सकौती पशु चिकित्सालय के प्रभारी ने दस मुर्गियों के स्वैब के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। पशु चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बर्ड फ्लू के दस्तक देने से पशुपालन विभाग अलर्ट है। इसके तहत मंडौरा गांव स्थित मुर्गी फार्म पर चिकित्सकों की टीम पहुंची। यहां साढे़ छह हजार मुर्गियाें में से दस का स्वैब सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। वहीं, बर्ड फ्लू के लक्षण के बारे में भी जानकारी दी।