संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। हस्तिनापुर वन्यजीव अभयारण्य से सटे क्षेत्रों में तेंदुए की उपस्थिति की सूचना पर क्षेत्रीय वन अधिकारी खुशबू उपाध्याय के निर्देशन में वन विभाग की टीम ने सघन सर्च अभियान चलाया।
दिल्ली ग्लोबल स्कूल एनएच 34, गांव खेड़ी मनिहार, अनूप शहर गंग नहर क्षेत्र, गांव अकबरपुर सादात एवं बटावली में इंफ्रारेड ड्रोन कैमरों की मदद से वन्यजीवों की निगरानी की गई। इस दौरान गीदड़ और नीलगाय जैसे वन्यजीव तो नजर आए, लेकिन तेंदुए की पुष्टि नहीं हुई।
अभियान के साथ ही वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के बीच पोस्टर वितरित कर जन-जागरूकता अभियान भी चलाया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि तेंदुआ या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर भीड़ एकत्र न करें, उसका पीछा न करें और किसी भी अपुष्ट खबर को सोशल मीडिया पर वायरल न करें। वहीं दो स्थानों पर वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए हैं। साथ ही ट्रैप कैमरे भी लगाए हैं।
तेंदुआ की उपस्थिति एनएच 34 के आसपास लगातार दर्ज हो रही है। बीते दो सप्ताह से इसी क्षेत्र में भ्रमण कर रहा है। रविवार की रात दूसरी बार गांव खेड़ी मनिहार के पास स्थित आश्रम (मंदिर) के पास जहां कांवड़िये ठहरे हुए थे, वहां पर तेंदुआ दिखाई देने से लोगों में दहशत व्याप्त हो गई थी। तेंदुए को देखने वालों का कहना है कि उक्त मादा तेंदुआ है, जिसके साथ रविवार को एक बच्चा भी देखा गया है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया भी मौके पर पहुंचे थे और वन विभाग को आदेश किया था।