सरधना। टेहरकी निवासी पृथ्वीराज चौहान ने वन विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सरधना रेंज में कराए गए पौधरोपण में अनियमितताओं का मामला उठाया है। चौहान ने झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश की आशंका भी जताई है।
सोमवार को उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र भेजा। इसमें पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने किसी भी शिकायत पर एकतरफा कार्रवाई न करने का आग्रह किया। पृथ्वीराज चौहान ने बताया कि सरधना रेंज में वर्ष 2021-22 के दौरान 15 हेक्टेयर भूमि पर 16,500 पौधे लगाने का रिकॉर्ड है। जीपीएस और सेटेलाइट मैप के आधार पर मौके पर व्यवस्थित पौधरोपण नहीं दिख रहा है। उन्होंने इसे सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला बताया। उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। आरटीआई के माध्यम से कार्य की मेजरमेंट बुक भी मांगी है।
प्रथम अपीलीय अधिकारी एवं वन संरक्षक, मेरठ ने 9 अक्तूबर 2026 को डीएफओ को निर्देश दिए थे। उन्होंने मामले का दोबारा परीक्षण करने और रेंजर की रिपोर्ट पर आंख मूंदकर भरोसा न करने को कहा था। आरोप है कि इसके बावजूद उन्हें मांगी गई सूचना उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। 28 अक्तूबर को उन्होंने डीएफओ कार्यालय पर शांतिपूर्ण धरना दिया था। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने इस मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।