सेंक्चुअरि क्षेत्र में आग से वन क्षेत्र जलकर राख
हस्तिनापुर। कस्बे के समीप मध्य गंग नहर किनारे वन सेंक्चुअरि क्षेत्र में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से सैकड़ों हेक्टेयर वन क्षेत्र जलकर राख हो गया। शाम तक आग धधकती रही। हवा की गति कम होने पर आग शांत हुई, जिससे वन कर्मियों की जान में जान आई।
हस्तिनापुर सेंक्चुअरि में लगातार आग धधक रही है, जिससे अभी तक हजारों हेक्टेयर सेंक्चुअरि क्षेत्र जलकर राख हो गया। शुक्रवार को एक बार फिर कस्बे से कुछ ही दूरी पर प्रथम निशाया के समीप मध्य गंग नहर के किनारे स्थित वन आरक्षित क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। देखते ही देखते तेज हवाओं के कारण आग से सैकड़ों हेक्टेयर सेंक्चुअरि क्षेत्र में खड़े पेड़ जल गए। इस आग में जंगली जीवों का भोजन और कई बहुमूल्य जड़ी बूटियां भी जलकर राख हो गई।
आग लगने का सिलसिला रुक नहीं रहा है। अभी तक लगी आग से वन विभाग को काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, वन विभाग के अधिकारी आग से किसी भी बड़े नुकसान की संभावना से मना कर रहे हैं।