- सुभारती विवि की ओर से हुआ कार्यक्रम, साहिबजादों के बलिदान पर हुई नाट्य प्रस्तुति
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सुभारती विश्वविद्यालय में ज्ञानार्जन के साथ नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन के लिए अलग-अलग कार्यक्रम हुए। फॉरेंसिक साइंस विभाग के छात्रों ने दिल्ली के शरलॉक इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस में औद्योगिक भ्रमण किया। इसके साथ ही कार्यशाला में हुए व्याख्यान में उद्योग से जुड़ी गतिविधियों के बारे में जाना। वहीं, एनएसएस इकाई-वन और गणेश शंकर पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों ने वीर बाल दिवस पर साहिबजादों के बलिदान पर भावपूर्ण मंचन किया।
केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस के फॉरेंसिक साइंस विभाग ने 26 विद्यार्थियों के साथ भ्रमण का आयोजन किया। डॉ. रणजीत सिंह (सीईओ) और अफरीन तरन्नुम (अकादमिक निदेशक) के मार्गदर्शन में छात्रों को फिंगरप्रिंट विश्लेषण, दस्तावेज परीक्षण, हस्तलेखन जांच जैसी आधुनिक तकनीकों के बारे में बताया गया।
विशेषज्ञों ने वास्तविक मामलों के उदाहरण दिखाए। साथ ही साइबर फॉरेंसिक और डिजिटल साक्ष्यों पर भी प्रकाश डाला। विभागाध्यक्ष एस्थर लालरिंगजो ने कुलपति डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा, डीन डॉ. रविंद्र कुमार जैन के सहयोग के लिए आभार जताया।
दूसरे कार्यक्रम में वीर बाल दिवस पर सिख गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत को याद किया गया। पत्रकारिता विभाग के छात्रों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने नाट्य मंचन में साहिबजादों, माता गुजरी और वजीर खान जैसे किरदार निभाए। प्रभावशाली संवादों और अभिनय से सभी को प्रभावित किया।