मेरठ। शास्त्री नगर के सेंट्रल मार्केट के व्यापारी सुप्रीम कोर्ट के ध्वस्तीकरण आदेश से बेचैन हैं। वे लगातार बैठकें कर रणनीति बना रहे हैं। इसी के साथ आवास एवं विकास परिषद के अधिकारियों से बात कर भी हल निकालने में जुटे हुए हैं। वहीं प्रधानमंत्री के आगमन के चलते एहतियात के तौर पर शनिवार को तीन थानों की पुलिस ने व्यापारी नेताओं की दुकानों और घर की घेराबंदी कर दी है। उन पर लगातार नजर रखी जा रही है।
करीब डेढ़ सौ व्यापारियों ने नई भवन निर्माण एवं विकास उपविधि के अंतर्गत फार्म भरे हैं। पूर्व पार्षद सतीश गर्ग ने बताया कि व्यापारी बहुत परेशान हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में मार्मिक अपील के साथ याचिका दायर करने की बात कही ताकि व्यपारियों को राहत मिल सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 फरवरी को आगमन को लेकर बीते दिनों व्यापारियों ने आम सभा कर विरोध का ऐलान किया था।
सेंट्रल मार्केट को अनिश्चितकालीन बंद करने का निर्णय लिया गया था। मेरठ को भी 21 और 22 फरवरी को बंद करने का फैसला हुआ था। हालांकि उसी दिन देर शाम ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर से वार्ता के बाद सभी निर्णय वापस ले लिए गए थे। प्रधानमंत्री के आगमन के चलते एहतियात के तौर पर शनिवार को तीन थानों की पुलिस ने घेराबंदी की। थाना नौचंदी, लोहिया नगर और मेडिकल थाने की पुलिस ने बाजार में डेरा जमाए रखा। सेंट्रल मार्केट में व्यापारी नेताओं की दुकानों के साथ ही उनके घर पर भी पुलिस मुस्तैद रही।