जनसंख्या नियंत्रण करने की अपील के साथ सोमवार को माल रोड पर करीब दो किलोमीटर लंबी मानव शृंखला बनाई गई। छात्रों और नागरिकों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि ऑल इंडिया एंटी टेरेरिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष मनिंदर जीत सिंह बिट्टा ने कहा कि देश में जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए कानून बनाने की आवश्यकता है। कानून नहीं बनाया गया तो जनता को सड़क पर उतरना पड़ेगा। उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह कानून बना सकते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन सेव इंडिया जन फाउंडेशन ने किया। मानव शृंखला में शहर के प्रतिष्ठित स्कूलों के छात्रों के अलावा एक दर्जन से अधिक एनजीओ के सदस्यों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भाग लिया। सरदार मनिंदर जीत सिंह ने माल रोड पर खुली गाड़ी में बैठकर मानव शृंखला में शामिल छात्रों और शहर के गणमान्य लोगों का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि सड़कें छोटी हो गई और वाहन बढ़ गए हैं। बेरोजगारी बढ़ रही है, खाद्यान्न जहरीला हो रहा है। कृषि भूमि कम हो रही है और शहर बढ़ रहे हैं। अब जनसंख्या पर कठोर कानून बनाने की सख्त जरूरत है। कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए मेरठ की क्रांति धरा से शुरूआत हो चुकी है। मार्च 2018 में मेरठ से दिल्ली तक तीन दिवसीय पद यात्रा संसद तक पहुंचेगी।
इंग्लैंड से आए सीआईए के निदेशक डॉ. डीके सारस्वत ने कहा कि इस लड़ाई में इंग्लैंड में रह रहे भारतीयों का सहयोग मिलेगा। सेव इंडिया जन फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप शुक्ला ने अतिथियों का धन्यवाद किया। संयोजक राजेश शर्मा ने सेव इंडिया जन फाउंडेशन के कार्यों पर प्रकाश डाला। संचालन कै. बीएस मीणा ने किया। इस अवसर पर आईआईएमटी के चेयरमैन योगेश मोहन गुप्ता, जीटीबी के चेयरमैन संजीत सिंह, चौ. यशपाल सिंह, इंद्रपाल सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. कुलदीप उज्ज्वल, अभिनव चौधरी, अश्वनी कौशिक, प्रशांत कौशिक, प्रीति त्यागी, मीरा मिश्रा आदि मौजूद रहे।
चिदंबरम का बयान गलत
हाल में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कश्मीर को लेकर प्रतिक्रिया दी थी कि वहां लोगों को और अधिक आजादी चाहिए। बिट्टा ने कहा कि यह बयान आतंकवाद को शह देने वाला है। सरकार आतंकवाद से सही ढंग से निपट रही है। आतंकवाद पर कहा कि प्रधानमंत्री की नीति सही है। वह उनकी लड़ाई लड़ रहे हैं, इसलिए वह कांग्रेसी होते हुए भी नरेंद्र मोदी के साथ हैं।
बिट्टा ने छात्रों को संबोधित किया
मेरठ। मनिंदर जीत सिंह बिट्टा का पं. दीनदयाल उपाध्याय मैनेजमेंट कॉलेज में स्वागत किया गया। आईआईएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजस के चेयरमैन योगेश मोहन गुप्ता, प्रबंध निदेशक मयंक अग्रवाल ने शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। बिट्टा ने छात्रों को प्रेरित करने वाला संबोधन किया। इस अवसर पर निदेशक डॉ. निर्देश वशिष्ठ, डॉ. मनोज शर्मा, डॉ. रोबिंस रस्तोगी, डॉ. चारु, डॉ. अमित शर्मा, डॉ. तबस्सुम, डॉ. प्रतिमा मौजूद रहे।