सुनील कैथवास....सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में भिड़ते कान
मेरठ। सुभारती विवि के खेल मैदान में क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को दूसरे दिन रविवार को छह मैच खेले गए। इसमें झांसी, बरेली, अलीगढ़ और सैफई ने अपने मैच जीते। तीन मैचों में नतीजे नहीं निकल सके और टीम बराबरी पर रहीं। वहीं इस दौरान खिलाड़ियों ने एक से बढ़कर एक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन पहला मैच झांसी मंडल और मुरादाबाद मंडल के बीच खेला गया। इस मैच में झांसी मंडल की टीम ने 2-1 से जीत प्राप्त की। झांसी की ओर से अभिषेक ने दो गोल किए। अभिषेक ने मैच के 19वें मिनट में और 24वें मिनट में गोल किया। वहीं मुरादाबाद की ओर से अजीम ने 10वें मिनट में गोल दागा। इसके बावजूद मुरादाबाद की टीम एक गोल से हार गई। दूसरा मैच देवीपाटन मंडल और सहारनपुर मंडल के बीच खेला गया। मैच के अंतिम समय तक दोनों टीम के खिलाड़ी सामने वाली टीम पर कोई गोल नहीं कर सके। अंत में दोनों टीम 0-0 से बराबरी पर रही और मैच ड्रा रहा।
तीसरा मैच बरेली और अयोध्या मंडल के बीच खेला गया। इसमें बरेली मंडल की टीम ने 3-0 से जीत प्राप्त की। बरेली की ओर से आनंद सोनी ने 27वें मिनट में, आर्यन यादव ने 29वें मिनट में और आनंद सोनी ने अपना दूसरा और टीम के लिए तीसरा गोल 46वें मिनट में किया। अयोध्या मंडल की टीम की ओर से कोई गोल नहीं कर सका। बरेली ने 3-0 से जीत प्राप्त की। चौथा मैच अलीगढ़ मंडल और बस्ती मंडल के बीच हुआ। इसमें अलीगढ़ मंडल ने 3-1 से जीत प्राप्त की। टीम की ओर से प्रतीक समेत तीन खिलाड़ियों ने गोल किया।
पांचवां मैच प्रयागराज और मिर्जापुर मंडल के बीच हुआ। इसमें मैच के आखिर समय तक कोई नतीजा नहीं निकल सका। प्रयागराज और मिर्जापुर दोनों टीमे 1-1 की बराबरी पर रहीं। छठा मैच कानपुर मंडल और स्पोर्ट्स कालेज सैफई के बीच हुआ। इसमें सैफई ने 1-0 से जीत हासिल की। सातवें मैच में बनारस ने चित्रकूट को 10-0 से हराया। मैच से पूर्व मुख्य अतिथि संदीप चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान ऑब्जर्वर नवीन कुमार, तकनीकी टीम से अरुण श्रीवास्तव, रेफरी सर्वेश यादव, सहायक रेफरी सनी, धर्मवीर, धीरज कुमार रहे। फुटबाल कोच ललित पंत, भूपेश कुमार सहित अन्य ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी डाॅ. अतुल सिन्हा ने विजेता टीमों को बधाई दी।