ठंड के बीच प्रदूषण से परेशान लोग
340 पहुंच गया मेरठ का एक्यूआई, खराब हुई हवा
मंगलवार को मेरठ का एक्यूआई फिर से खराब स्थिति में पहुंच गया। खराब हो रही शहर की हवा में लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। शहर का एक्यूआई 340 दर्ज किया गया। इसके अलावा गंगानगर 295, जयभीम नगर 361, पल्लवपुरम 363, दिल्ली रोड 321, बेगमपुल 327 दर्ज किया गया है। शहर में सभी जगह प्रदूषण का लेवल ज्यादा रहा, जो बहुत ही खराब श्रेणी में आता है।
सावधान रहें, यह मौसम कर रहा है बीमार
दिसंबर माह में सबसे ज्यादा मौसम खराब चल रहा है। ऐसे मौसम में स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना जरूरी है। सर्दी और स्मॉग के चलते अलग अलग तरह की बीमारियां आ रही है। खांसी, अस्थमा, आंखों में जलन, गले में सूजन, सांस लेने में दिक्कत, त्वचा और मुंह पर भी इंफेक्शन, खुजली, वायरल आदि दिक्कत आती है। इस समय जो मौसम का मिजाज चल रहा है, उससे लोग ज्यादा बीमार हो रहे है। फिजिशियन डॉ. शैलेंद्र सिंह का कहना है कि यह मौसम स्वास्थ्य के लिए सही नहीं है। ऐसे में सर्दी और स्मॉग से बचना जरूरी है। घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करें। गर्म पानी का सेवन करें और दिन में धूप में बैठे।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया
1 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों मुख्यत: उत्तराखंड से लगे तराई क्षेत्रों जैसे सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ व आस पास के क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी से हल्की वर्षा की संभावना है। अगले 5 दिन 4 जनवरी तक शीतलहर व कोहरा छाए रहने के आसार हैं। ठंड से बचाव के लिए खड़ी फसल जैसे गन्ना, गेहूं व सब्जियों में सिंचाई करने की सलाह है।