नजीबाबाद। घने कोहरे से रेल और सड़क यातायात प्रभावित है। वंदे भारत सहित लंबी दूरी की कई ट्रेनें घने कोहरे से दो से तीन घंटा विलंब से पहुंचीं। उधर, सड़क मार्ग पर सवेरे और शाम कोहरे के कारण वाहनों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
नगर और आस-पास के क्षेत्र में मंगलवार की रात से छाया घना कोहरा बुधवार की सवेरे 10 बजे तक जारी रहा। कोहरे के कारण लखनऊ से देहरादून के लिए संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस अप दिशा से करीब दो घंटा विलंब से नजीबाबाद स्टेशन पहुंची। देहरादून से लखनऊ से वापसी में भी ट्रेन को करीब डेढ़ घंटा विलंब हुआ।
प्रयागराज से योगनगरी के बीच संचालित प्रयागराज एक्सप्रेस दोनों दिशा से करीब दो से ढाई घंटा विलंब संचालित हुई। अमृतसर से कोलकाता के बीच संचालित सियालदाह पर भी घने कोहरे का प्रभाव पड़ा। उधर, घने कोहरे के चले मेरठ-पौड़ी हाईवे और काशीपुर-हरिद्वार फोरलेन पर घंटों रूक-रूककर चलना पड़ा। अनेक वाहनों के चालकों को सवेरे आठ बजे तक वाहनों की लाइट जलाकर आवागमन के लिए मजबूर होना पड़ा।