यूपी के मेरठ जिले में कमिश्नर आवास से करीब 300 मीटर दूर मवाना रोड पर बृहस्पतिवार आधी रात घने कोहरे में दर्दनाक हादसा हो गया। एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई। बाइक पर सवार दोनों युवकों ने समय पर इलाज न मिलने पर तड़पकर दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस शवों की पहचान करने में जुटी थी।
पुलिस के अनुसार दोनों युवक बाइक से मेरठ से मवाना रोड की तरफ जा रहे थे। कमिश्नर आवास से कुछ दूरी पर बाइक डिवाइडर से जा टकराई और दोनों युवक लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर गए। लेकिन वहां से गुजरने वाले लोगों ने इन घायल युवकों की मदद करना तो दूर, पुलिस को सूचना देना भी मुनासिब नहीं समझा। करीब एक घंटे तक दोनों युवक तड़पते रहे। उनके बराबर से वाहन गुजरते रहे। उनकी बाइक 50 मीटर दूर सड़क पर ही पड़ी थी।
अमर उजाला के रिपोर्टर ने दी सूचना
रात करीब 1:20 बजे अमर उजाला का एक रिपोर्टर वहां से गुजरा। उसने इस हादसे की सूचना तुरंत यूपी 100 और लालकुर्ती पुलिस को दी। घटनास्थल पर दो थानों की सीमा पड़ती है। दोनों थाने की पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। सूचना के करीब 25 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को पहले जिला अस्पताल भेजा। जहां पर डॉक्टरों ने उनको मृत बताया। जिसके बाद दोनों शव पोस्टमार्टम हाउस पर भेज दिए। पुलिस ने युवकों की बाइक से उनकी पहचान करने का प्रयास किया। देर रात तक दोनों युवकों की पहचान नहीं हो सकी।
पढ़ें : कोहरा बना कहर, हादसे में गई तीन छात्रों की जान, परिजनों में मचा कोहराम