मेरठ में मंगलवार को घने कोहरे ने शहर के अपने आगोश में ले लिया। हाईवे और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। मेरठ-करनाल हाईवे पर कोहरे के कारण दो ट्रक भिड़ गए। एक ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। वहीं घने कोहरे में रोडवेज की बसें नहीं चलेंगी। रात में जहां भी दृश्यता शून्य होगी, वहीं बसें रुक जाएंगी।
सर्दी लगातार बढ़ रही है। साथ ही रात्रि में घना कोहरा भी छा रहा है। ऐसे में दृश्यता कम होने से हादसे की आशंका रहती है। कोहरे में हादसे से बचने के लिए परिवहन निगम की बसों का संचालन रात्रि में कोहरे के दौरान बंद रखने के आदेश प्रबंधक निदेशक ने दिए है। प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक एसएम लोकेश राजपूत ने बताया कि एमडी के आदेश मिल गए है। इस संबंध में चालकों, परिचालकों को अवगत करा दिया गया है। कोहरे में बसें नहीं चलेगी। यदि बसें चलती मिली तो चालक-परिचालक पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।