फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सूरजकुंड पार्क में फिर शान से फहरा तिरंगा   

Sat, 11 Mar 2017 01:43 AM IST
राजकुमार सैनी, मेरठ
विज्ञापन
सूरजकुंड पार्क में फहराता तिरंगा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सूरजकुंड पार्क में एक माह से खाली पड़े पोल पर शुक्रवार को फिर से तिरंगा फहरा दिया गया। राष्ट्रीय ध्वज को स्थानीय लोगों ने सलामी देते हुए भारत माता की जय के नारे लगाए। बता दें कि अफसरों की लापरवाही से पार्क से तिरंगा उतारने के मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था।
विज्ञापन

दरअसल, एमडीए ने कनॉट प्लेस दिल्ली की तर्ज पर स्थानीय सूरजकुंड पार्क में तिरंगा फहराने का फैसला लिया था। एक निजी कंपनी ने तिरंगे के लिए पार्क में 41 मीटर ऊंचा पोल लगाया था। 10 मई 2016 को क्रांति दिवस पर तत्कालीन डीएम पंकज यादव ने इस पोल पर 20 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा तिरंगा फहराया था। इस पर करीब 21 लाख रुपये की लागत आई थी। इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से लैस इस व्यवस्था में टाइमर लगा होने से यह तिरंगा 24 घंटे फहरता था। लाइटें लगी होने के चलते रात में भी तिरंगा जगमगाता था। लेकिन, एमडीए के अधिकारी तिरंगे के मेंटेनेंस का पेमेंट करना ही भूल गए। सामने आया कि एमडीए द्वारा 16 लाख का पेमेंट न करने के चलते मेंटनेंस का काम देख रही कंपनी तिरंगा उतारकर ले गई।
‘अमर उजाला’ ने उठायी थी आवाज
इस तरह से तिरंगा उतारे जाने और खाली पोल खड़े होने का समाचार अमर उजाला ने सात मार्च के अंक में ‘पेमेंट नहीं मिला तो तिरंगा उतार ले गई कंपनी’ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद एमडीए अफसरों की नींद टूटी थी। वहीं, शहरवासियों के अलावा पार्क में घूमने आने वाले लोगों में भी इस बात को लेकर बेहद नाराजगी थी कि एक माह से बिना तिरंगे के ही पोल खड़ा हुआ था। यही नहीं. लाइटें भी बंद मिली थीं। अमर उजाला में प्रकाशित समाचार का संज्ञान लेते हुए एमडीए अधिकारियों ने कंपनी से वार्ता कर तीन दिन के भीतर तिरंगा फिर से फहराने का आश्वासन दिया था। आखिरकार एमडीए अधिकारियों ने शुक्रवार 10 मार्च को पार्क में लगे पोल पर तिरंगा लगवा दिया।
विज्ञापन

लाइटों को लेकर नहीं चेता निगम
सूरजकुंड पार्क का रखरखाव नगर निगम के पास है। पार्क में लगी 50 प्रतिशत लाइटें काफी समय से खराब पड़ी हैं। स्थानीय लोगों की मानें तो काफी शिकायतों के बावजूद निगम प्रशासन ने इस पर ध्यान नहीं दिया। तीन दिन पहले पार्क में पहुंचे महापौर हरिकांत अहलूवालिया के सामने भी लोगों ने बंद लाइटों का मुद्दा उठाया था। उसके बाद भी अभी तक लाइटें ठीक नहीं की गई हैं। 
पार्क में तिरंगे को सलामी शुरू 
पार्क में प्रतिदिन सैकड़ों पुरुष, महिलाएं और बच्चे घूमने पहुंचते हैं। एक माह के बाद फिर से पोल पर तिरंगा फहराता देख लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी लोग तिरंगे के नीचे एकत्रित हुए और भारत माता के जयकारों के साथ तिरंगे को सलामी दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें