पांच राज्यों की पुलिस के साथ एटीएस ने बृहस्पतिवार सुबह आंतकवादी गतिविधियों में शामिल होने के शक में तीन स्थानों से पांच युवकों को पकड़ा है और पूछताछ के लिए उन्हें अपने साथ ले गई। इसके अलावा शामली के कस्बा झिंझाना से भी एक युवक को पकड़ा गया है।
बढापुर की मोती मस्जिद में छापा मारकर कोतवाली देहात थाने के गांव अलीपुरा जट निवासी मस्जिद के पेश इमाम मुफ्ती फैजान, नगीना थाने के गांव तुख्मापुर निवासी तनवीर अहमद को पकड़ा है। कोतवाली देहात थाने के गांव मकवाड़ा निवासी जैनुल आबुदीन, नांगल थाने के गांव दहीरपुर निवासी फुरकान और धामपुर के मोहल्ला बंदूकचियान निवासी अजीजुर्रहमान को उनके घर से दबोचकर अपने साथ ले गई। पकड़े गए पांच युवकों पर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने का शक है। मुफ्ती फैजान मस्जिद का पेश इनाम व तनवीर नायब इमाम है। अजीजुर्रहमान मजदूरी करता था। जैनुल आबुददीन राजमिस्त्री है। इसके अलावा एटीएस ने शामली के कस्बा झिंझाना कस्बा निवासी युवक को अब्दुल रहमान उर्फ अब्दुल्ला निवासी मोहल्ला तलाही को पकड़ा है। अब्दुल्ला बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर के पास ही स्थित मसजिद में नमाज पढ़ने गया था। इससे पूर्व ही एटीएस की टीम और झिंझाना थाना पुलिस ने पहले ही घेराबंदी की हुई थी और मस्जिद के गेट पर ही उसे पकड़ लिया। उसके घर से कुछ किताबें तथा दो मोबाइल भी टीम ने अपने कब्जे में ले लिए।