सड़क हादसों में पांच लोग घायल
मवाना। नहर पुल से आगे हस्तिनापुर रोड पर कार और बाइक की भिडंत में बाइक सवार दो लोग तथा उनकी चपेट में आया रेहड़ा चालक घायल हो गया। वहीं, गांव पिलौना के पास बाइकों की भिडंत में एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को एसपी देहात ने अपनी गाड़ी से सीएचसी भिजवाया।
माछरा निवासी मिथुन पुत्र मुकेश अपने भाई मामचंद तथा पुत्री खुशी के साथ शाहपुर से बाइक पर माछरा लौट रहे थे। नहर पुल से आगे हस्तिनापुर रोड पर बामिनी वाले मंदिर के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर बराबर से गुजर रहे रेहडे़ में जा टकराई। जिससे बाइक सवार मिथुन, मामचंद तथा खुशी तथा मोहल्ला काबली गेट निवासी रेहड़ा चालक शाहनवाज घायल हो गए। वहीं, कार चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जिसमें मिथुन, मामचंद व शाहनवाज की हालत गंभीर है।
वहीं, फलावदा निवासी वकील अहमद पुत्र इस्लाम बाइक पर मवाना से फलावदा लौट रहा था। पिलौना के पास सामने से आ रही बाइक से भिडंत हो गई। जिसमें वकील अहमद घायल हो गया। दूसरा बाइक सवार वहां से फरार हो गया। वहां से गुजर रहे एसपी देहात ने घायल वकील अहमद को अपनी गाड़ी से सीएचसी मवाना भिजवाया। समाचार लिखे जाने तक किसी ने तहरीर नहीं दी है।