संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। क्षेत्र में सरधना रोड पर वक्फ संपत्ति पर अवैध कब्जा और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित भावनपुर निवासी सैयद जफर अब्बास नकवी की तहरीर पर कंकरखेड़ा पुलिस ने पांच आरोपियों जिया अब्बास, रोहतास, रिफाकत अली, अशोक, अली जैदी व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि नामजद आरोपी लंबे समय से वक्फ की जमीन पर कब्जा जमाए हुए हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
भावनपुर के हुसैनपुर चौक निवासी सैयद जफर अब्बास नकवी ने बुधवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि आरोपी जिया अब्बास व अन्य आरोपी वक्फ की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रहे है। आरोपियों पर वक्फ अधिनियम के तहत आने वाली अन्य संपत्ति में अवैध निर्माण और हेरफेर करने का भी आरोप लगाया गया है। सीओ प्रकाशचंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस जांच कर रही है।