मेरठ। रैपिड रेल कार्य के लिए शनिवार को चार घंटे के शटडाउन के चलते लोगों को भारी परेशानी हुई। जिन लोगों को शटडाउन की जानकारी नहीं थी वे बिजलीघरों से लेकर अधिकारियों के तक फोन करते रहे। हालांकि आपूर्ति चार की बजाय पांच घंटे बाद अपराह्न तीन बजे सामान्य हो सकी।
एनसीआरटीसी रैपिड रेल के लिए रुड़की रोड पर तेजी से काम चल रहा है। विद्युत लाइनों को अंडरग्राउंड करने के लिए आए दिन शटडाउन लिया जा रहा है। शनिवार को 220 केवी मोदीपुरम से सोफीपुर और अम्हैड़ा बिजलीघर के लिए जा रही लाइनों पर काम करने के लिए सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक शटडाउन लिया गया। निर्धारित समय के अंदर काम पूरा नहीं हो सका तो शटडाउन को आगे बढ़ा दिया गया। पांच घंटे बाद अपराह्न करीब तीन बजे आपूर्ति सामान्य हो सकी। इस दौरान सोफीपुर और अम्हैड़ा क्षेत्र की कॉलोनियों और गांवों में उपभोक्ता बिना बिजली परेशान रहे। इसके अतिरिक्त लिसाड़ी गेट, विकासपुरी, हापुड़ रोड, शारदा रोड, बिजली बंबा बाईपास, मेडिकल, काजीपुर, सेंट लुक्स, नौचंदी, कंकरखेड़ा, लेडीज पार्क, घंटाघर, टीपीनगर, पुराना आरटीओ, बेगमपुल और सदर बिजलीघर आदि क्षेत्र में भी बिजली की आंखमिचौली जारी रही। दो से तीन घंटे बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। अधीक्षण अभियंता शहर एके सिंह ने बताया कि रैपिड रेल के लिए शटडाउन की जानकारी उपभोक्ताओं के पंजीकृत नंबर पर मेसेज से दे दी गई थी। काम में देरी हो जाने के चलते इसे कुछ देर के लिए आगे बढ़ाना पड़ा।