झिझाना के गांव आमवाली में विषाक्त भोजन खाने से बीमार हुई युवती।
- फोटो : SHAMLI
विषाक्त भोजन खाने से परिवार के पांच सदस्यों की हालत बिगड़ी
झिंझाना (शामली)। गांव आमवाली में रविवार की रात विषाक्त भोजन खाने से परिवार के पांचों सदस्यों की हालत बिगड़ गई। सोमवार की सुबह परिजनों को झिंझाना सीएचसी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने गंभीर हालत में पांचों को मेरठ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया।
गांव आमवाली निवासी राजकुमार कोरी (45) ने रविवार की रात पत्नी अंग्रेजों (40), बड़ी पुत्री नेहा (22), बेटा शिवम (20) और छोटी बेटी काजल (16) के साथ घर में भोजन किया था। इसके बाद सभी लोग सो गए। सोमवार की सुबह तक भी घर में बंधे पशुओं को किसी ने चारा नहीं डाला तो पड़ोसी राजकुमार के भाई बबलू उनके घर पहुंचा। अंदर जाकर देखा तो सभी परिवार के लोग बेसुध अवस्था में थे। उसने तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाकर सभी को झिंझाना सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सक शशिकांत के अनुसार राजकुमार ने होश में आने पर बताया की परिवार के लोगों ने दोपहर में बना खाना रात को खाया था। इसे खाने के बाद पेट में जलन और उल्टी होने लगी। देखते देखते सबकी हालत बिगड़ने लगी। आशंका जताई कि भोजन में कोई विषैला पदार्थ हो सकता है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मेरठ मेडिकल के लिये रेफर कर दिया गया है।
थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया की सूचना मिली थी। पुलिस को मौके पर भेजा गया था। परिवार मजदूरी कर भरण पोषण करता है। किसी की ओर से कोई शिकायत आदि नहीं की गई है।
मरीजों का चल रहा इलाज
मेरठ मेडिकल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. हर्षवर्द्धन का कहना है कि मरीजों का इलाज चल रहा है। फूड प्वाइजनिंग का केस है। इनकी तबियत अब बेहतर है।