लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर इस्लामाबाद में सोमवार रात कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद के मकान में भीषण आग लग गई। आग से झुलसने और दम घुटने से इकबाल के बेटे आसिम की पत्नी रुखसार, उनका 3 वर्षीय बेटा अकदस, 6 माह की जुड़वां बेटियां नबिया व इनायत और बेटे फारूक की बेटी महविश व बेटे हम्माद की मौत हो गई। हादसे में इकबाल की पत्नी अमीर बानो घायल हुई हैं। शार्ट सर्किट से आग लगी और मकान के कमरों में कपड़ों में फैलती चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकलकर्मियों ने परिवार के लोगों को पास स्थित राजधानी अस्पताल पहुंचाया। यहां छह लोगों को मृत घोषित किया गया और अमीर बानो का उपचार चल रहा है।
किदवई नगर इस्लामाबाद की गली नंबर-3 में कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद का तीन मंजिल का मकान है। इस मकान में उनके तीन बेटे आसिम, फारूक और डॉ. अशद परिवार के साथ रहते हैं। मकान के प्रथम पर आई संस एम्ब्रॉयडरी का कारखाना संचालित होता है जहां पावरलूम के जरिए धागों से कपड़ा तैयार किया जाता है। पहली मंजिल और दूसरी मंजिल पर परिवार निवास करता है।
हादसे के वक्त इकबाल अहमद और उनके दोनों बेटे आसिम, फारूक डॉ. अरशद तरावीह की नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद गए हुए थे। घर की दूसरी मंजिल पर इकबाल की पत्नी अमीर बानो, आसिम की पत्नी रुखसार, उनका 3 वर्षीय बेटा अकदस, 6 माह की जुड़वां बेटियां नबिया व इनायत और फारूक की बेटी महविश, बेटा हम्माद व अन्य परिजन मौजूद थे। रात करीब पौने नौ बजे अचानक घर में आग लग गई। घर कई जगह पर कपड़े रखे थे। कुछ देर में कपड़ों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर दिया। पूरे घर मेें धुआं और आग की लपटें फैल गईं। आग और धुआं देखकर पड़ोसियों ने पुलिस और दमकलकर्मियों को सूचना दी।
संकरी गलियों ने बाधा बनीं, स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस
घर के भीतर चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचित किया। हालांकि इलाका बेहद घनी आबादी वाला और गलियां संकरी होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने साहस दिखाया और छतों के रास्ते घर में प्रवेश कर झुलसी हुई महिलाओं और बच्चों को बाहर निकाला। लोगों ने निजी संसाधनों और पानी डालकर आग पर काबू पाया।
चार दमकल वाहनों ने पाया आग पर काबूू
सूचना पर पुलिस के आलाधिकारी, सीएफओ सुरेंद्र सिंह दमकलकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। चार दमकल वाहनों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बड़ी संख्या में मोहल्ले व आसपास की कॉलोनियों मेें रहने वाले लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे का शिकार हुए लोगों को राजधानी अस्पताल ले जाने के बाद सैंकड़ो लोग, नेता वहां पहुंच गए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय, डीआईजी कलानिधि नैथानी और एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट ही आग का कारण लग रहा है। संकरी गलियों की वजह से बचाव कार्य में चुनौतियां आईं। इस हादसे में कुल छह लोगों की जान गई है।
-
मृतक:
रुखसार (30 वर्ष) पत्नी आसिम
अकदस (3 वर्ष) पुत्र आसिम
नबिया (6 माह) पुत्री आसिम (जुड़वां)
इनायत (6 माह) पुत्री आसिम (जुड़वां)
महविश (12 वर्ष) पुत्री फारूक
हम्माद (4 वर्ष) पुत्र फारूक
झुलसी
अमीर बानो पत्नी इकबाल